विश्वस्तरीय खेल आयोजनों की राजधानी बन रही दिल्ली : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

Spread the love

विश्वस्तरीय खेल आयोजनों की राजधानी बन रही दिल्ली : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

न्यूज डेस्क, नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को 22वें कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 में भाग लेने आए विशिष्ट अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों, कोचों, अधिकारियों और विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधियों का दिल्ली की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया। दिल्ली इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रही है, जिसमें कॉमनवेल्थ के 25 देशों से आए खिलाड़ी, कोच, तकनीकी अधिकारी और खेल प्रशासक हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभा का उत्सव है, बल्कि विभिन्न देशों के बीच मित्रता, सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का भी महत्वपूर्ण अवसर है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को इस बात पर गर्व है कि वह विश्वस्तरीय खेल आयोजनों के लिए एक भरोसेमंद और सक्षम मेजबान के रूप में अपनी पहचान लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में आधुनिक खेल अवसंरचना, बेहतर परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा और आतिथ्य सुविधाओं के कारण अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की अपार संभावनाएं हैं। प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह चैंपियनशिप उत्कृष्ट प्रदर्शन, खेल भावना और स्थायी मित्रताओं की यादगार मिसाल बने। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी अपने-अपने देशों का गौरव बढ़ाने के साथ-साथ खेल के मूल्यों को भी आगे बढ़ाएंगे।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार की खेल नीति और युवाओं को खेलों से जोड़ने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों, कॉलेजों और स्थानीय स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि अधिक से अधिक युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें।कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप को टेबल टेनिस जगत की महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में गिना जाता है। इसमें विभिन्न देशों के शीर्ष खिलाड़ी भाग लेते हैं और यह आयोजन भविष्य के बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए खिलाड़ियों की तैयारी का भी महत्वपूर्ण मंच माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *