बर्नपुर में 56 वां गुरमत कैंप संपन्न, बच्चों को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित

Spread the love

न्यूज डेस्क, बर्नपुर : गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बर्नपुर और ‘द सिख फोरम, कोलकाता’ के संयुक्त सहयोग से आयोजित 56वां गुरमत कैंप शनिवार को संपन्न हो गया। कैंप के समापन समारोह में शिविर में भाग लेने वाले सभी बच्चों को उनके उत्साहपूर्ण सहभागिता और प्रशिक्षण के लिए प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों और युवाओं को सिख धर्म की समृद्ध परंपराओं, संस्कृति, धार्मिक शिक्षाओं और जीवन मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया। कैंप के दौरान बच्चों को गुरुमुखी भाषा पढ़ने-लिखने, नितनेम, धार्मिक पाठ और गुरबाणी कीर्तन का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही उन्हें सिख धर्म की शिक्षाओं, आध्यात्मिक विचारों तथा नैतिक मूल्यों की जानकारी दी गई। शिविर का उद्देश्य बच्चों में धार्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपनी विरासत से परिचित कराना और सिख परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था। इस तरह के आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया जाता है। समापन समारोह में चंडीगढ़ की पूर्व मेयर बीबी हरजिंदर कौर तथा केसगढ़ साहिब के कथावाचक भाई सुखविंदर सिंह रतौल ने अपने विचार रखे। उन्होंने बच्चों और युवाओं के जीवन में धार्मिक शिक्षा, संस्कारों और सांस्कृतिक ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान शिविर में सीखी गई शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा गुरु साहिबान की शिक्षाओं से प्रेरणा लेने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव रघुवीर सिंह ने कहा कि ऐसे शिविर नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही गुरुमुखी भाषा, गुरबाणी, नितनेम और सिख धर्म के मूल सिद्धांतों की जानकारी देना जरूरी है, ताकि वे अपनी परंपराओं को समझ सकें और उन्हें आगे बढ़ाने में योगदान दे सकें। समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जसवंत सिंह, ‘द सिख फोरम, कोलकाता’ के गुरु चरण सिंह, अजीत सिंह, चरण सिंह, रंजीत सिंह कैरो, देवेंद्र मल्होत्रा, सुखबीर सिंह और दलबीर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। जिन्होंने सभी के सफलता और उज्ज्वल भविष्यत की कामना की .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *