मंत्री के नाम से रुपए मांगने वालों पर भड़कीं मंत्री ने दिया चेतावनी

Spread the love

आसनसोल : राज्य की नगर निगम विकास विभाग की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर कथित तौर पर पैसे वसूलने की शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति उनका नाम या फोटो दिखाकर उगाही या जबरन वसूली करने की कोशिश करे तो उसकी शिकायत सबूतों के साथ तुरंत प्रशासन या उनके कार्यालय में करें। आइए देखते हैं यह रिपोर्ट। मंत्री अग्निमित्रा पाल ने उनके नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर कथित तौर पर पैसे वसूलने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि कोई व्यक्ति उनके नाम, फोटो या खुद को उनका करीबी बताकर किसी से पैसे मांगता है, तो लोग किसी भी स्थिति में उसके झांसे में न आएं। एक वीडियो संदेश जारी करते हुए मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें ऐसी कई शिकायतें मिल रही हैं, जिनमें कुछ असामाजिक तत्व अलग-अलग बाजारों और इलाकों में उनका नाम और तस्वीर दिखाकर लोगों से पैसे वसूलने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति उनके, किसी अन्य मंत्री या किसी जनप्रतिनिधि का नाम लेकर चंदा, रंगदारी या किसी अन्य बहाने से पैसे मांगता है, तो उसकी शिकायत तुरंत स्थानीय प्रशासन या उनके कार्यालय में करें। शिकायत के साथ यदि फोटो, वीडियो, ऑडियो या अन्य कोई ठोस सबूत उपलब्ध कराया जाता है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अग्निमित्रा पाल ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के कारण उनकी हजारों लोगों के साथ तस्वीरें हैं। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति उनकी तस्वीर दिखाकर खुद को उनका करीबी बताकर पैसे मांगता है, तो लोग उसकी बातों पर भरोसा न करें और तुरंत इसकी जानकारी प्रशासन को दें। हालांकि, मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी व्यक्तिगत रंजिश या दुर्भावना के चलते झूठी शिकायतें दर्ज नहीं कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल तथ्यों और सबूतों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। अपने संदेश के अंत में मंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार कथित उगाही, रंगदारी और धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति उनके नाम या तस्वीर का दुरुपयोग कर लोगों से पैसे वसूलने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल मंत्री की इस अपील के बाद लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के झांसे में न आने की सलाह दी गई है। यदि इस तरह की कोई घटना सामने आती है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *