
पीडब्लूडी मंत्री डॉ अजय कुमार पोद्दार ने फहराया तिरंगा, दी आजादी की शुभकामनाएं
न्यूज डेस्क, कुल्टी : देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वार्ड नंबर 78 के गायत्री मंदिर, दीपू डंगाल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में राज्य के पीडब्ल्यूडी मंत्री एवं कुल्टी विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के बाद मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का एहसास भी कराती है। अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी को देश की जिम्मेदारियों के लिए अभी से तैयार रहना होगा। उन्होंने बच्चों से शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही, देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगान और शानदार नृत्य ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। समारोह में स्थानीय लोगों और गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कुल मिलाकर, कुल्टी विधानसभा में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने देशभक्ति, एकता और नई पीढ़ी के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। समारोह में मौजूद लोगों ने राष्ट्र की प्रगति और उज्ज्वल भविष्य के लिए अपना संकल्प दोहराया।





















