
अन्नपूर्णा योजना की राशि में देरी के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन
न्यूज डेस्क कुल्टी : अन्नपूर्णा योजना का लाभ न मिलने के आरोप लगाकर राज्य भर में विरोध प्रदर्शन बढ़ता जा रहा है। जबकि प्रशासनिक अधिकारी बार बार पात्र आवेदकों के योजना का लाभ मिलने का आश्वासन दे रहे हैं। कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 73 के आलडीह इलाके में शुक्रवार को अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने से नाराज महिलाओं ने स्थानीय भाजपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। महिलाओं ने आरोप लगाया कि योजना का लाभ पाने के लिए उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जरूरी प्रक्रिया पूरी की थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक उनके बैंक खातों में सहायता राशि नहीं पहुंची है। प्रदर्शनकारी महिलाओं के मुताबिक, आवेदन के समय उन्हें बताया गया था कि 17 अगस्त तक योजना की राशि उनके खातों में भेज दी जाएगी। निर्धारित समयसीमा बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं होने से महिलाओं में असंतोष बढ़ गया। उनका कहना है कि लंबे समय से आर्थिक सहायता का इंतजार करने के बावजूद राशि नहीं मिलने के कारण परिवार का रोजमर्रा का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय महिलाओं सरिता बाद्यकर और सुलेखा सरकार ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए योजना के तहत मिलने वाली सहायता काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की कि लंबित आवेदनों की जल्द जांच कर पात्र लाभार्थियों के खातों में राशि का शीघ्र हस्तांतरण किया जाए। बताया जा रहा है कि पश्चिम बर्दवान जिले के अलग-अलग इलाकों में भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने अन्नपूर्णा योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है। कहीं महकमा शासक कार्यालय तो कहीं बीडीओ कार्यालय के सामने महिलाओं ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। लगातार हो रहे विरोध के बीच आसनसोल के एसडीओ को भी मामले में स्पष्टीकरण देना पड़ा। एसडीओ ने स्पष्ट किया कि योजना के आवेदन और राशि जारी करने की प्रक्रिया में उनके कार्यालय की कोई भूमिका नहीं है। उनके अनुसार, आवेदनों की जांच और आगे की प्रक्रिया जिला कार्यालय स्तर पर की जाती है। ऐसे में एसडीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने से लंबित राशि जारी होने की प्रक्रिया पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा।