
पीडब्लूडी मंत्री ने कुल्टी में विकास कार्य और रोजगार सृजन को लेकर सेल अधिकारियों के साथ की बैठक
न्यूज डेस्क कुल्टी : कुल्टी में नए फैब्रिकेशन यार्ड की स्थापना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर राज्य के पीडब्ल्यूडी मंत्री एवं कुल्टी विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने सेल आईएसपी के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्र के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत कुल्टी के विभिन्न इलाकों में पेयजल की समस्या दूर करने, सामुदायिक भवनों के निर्माण तथा दुर्गापूजा से पहले इस्को क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत कर उन्हें गड्ढामुक्त करने को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई। मंत्री ने सभी प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में सेल एएसपी के डीआईसी सूरजित मिश्रा, सीजीएम शांतनु घोष, जीएम अविजीत मुखर्जी, एजीएम एचआर जीशान आदिल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि बैठक में कुल्टी में सेल की ओर से प्रस्तावित विकास कार्यों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर प्रमुखता से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि सेल आईएसपी के सीएसआर प्रोजेक्ट के तहत कुल्टी के अलग-अलग क्षेत्रों में पेयजल संकट दूर करने और दुर्गापूजा से पहले जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि सेल आईएसपी के अधिकारियों ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। नए फैब्रिकेशन यार्ड की स्थापना और अन्य विकास परियोजनाओं से कुल्टी के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
