
न्यूज डेस्क, आसनसोल : युवाओं को नशे की गिरफ्त से मुक्त कर एक स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार पीढ़ी तैयार करने के उद्देश्य से आसनसोल के गुजराती भवन में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण रहा, जिसे उपस्थित लोगों ने बड़े उत्साह और गंभीरता के साथ सुना। इस अवसर पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी , बाराबनी के विधायक अरिजीत रॉय, बीबी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अमिताव बासु , भाजपा जिलाध्यक्ष देबतनु भट्टाचार्य सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से हर प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत की युवा शक्ति ही “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, ऊर्जा और भविष्य को बर्बाद कर देता है। यदि देश के युवा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, नवाचार, खेल, विज्ञान, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाएं, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। प्रधानमंत्री ने युवाओं से जागरूक, जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बनने का आह्वान करते हुए कहा कि नशामुक्त जीवन ही उज्ज्वल भविष्य की पहली शर्त है। प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक विचारों का कार्यक्रम में मौजूद युवाओं पर गहरा प्रभाव पड़ा। कई विद्यार्थियों ने कहा कि यह संदेश उन्हें अपने जीवन में सही दिशा में आगे बढ़ने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने हाथ उठाकर नशामुक्त समाज और नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी लिया। इस अवसर पर बीबी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अमिताव बासु ने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवा ही आने वाले विकसित भारत के वास्तविक निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि आज नशे की समस्या केवल एक व्यक्ति या परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। इसलिए युवाओं को समय रहते जागरूक करना और उन्हें सकारात्मक सोच, शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सामाजिक कार्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे की बुराइयों से बचाकर उनके भीतर नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि देश का युवा वर्ग नशे से दूर रहकर अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का सही उपयोग करेगा, तो भारत का विकसित राष्ट्र बनने का सपना निश्चित रूप से साकार होगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से भी युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लगातार जागरूक करने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त भारत के संकल्प और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के संदेश के साथ हुआ।










