डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर जिला अस्पताल में मरीजों को बांटे फल, स्वास्थ्यकर्मियों का किया सम्मान

Spread the love

न्यूज डेस्क आसनसोल : महान शिक्षाविद, प्रख्यात अधिवक्ता और राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर सोमवार को पूरे शिल्पांचल में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आसनसोल की सामाजिक संस्था ” डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सोशल ऑर्गेनाइजेशन ” की ओर से जिला अस्पताल में सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित कर मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। कार्यक्रम के तहत संगठन के सदस्यों ने आसनसोल जिला अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर भर्ती मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों का हालचाल जाना, उनका हौसला बढ़ाया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान मरीजों के बीच फल वितरित किए गए, ताकि उन्हें यह एहसास हो सके कि समाज उनके सुख-दुख में उनके साथ खड़ा है। सिर्फ मरीज ही नहीं, बल्कि अस्पताल में दिन-रात सेवाएं दे रहे डॉक्टरों, नर्सों और अन्य मेडिकल स्टाफ के प्रति भी संगठन ने आभार व्यक्त किया। स्वास्थ्यकर्मियों को चॉकलेट भेंट कर उनके समर्पित सेवा कार्य की सराहना की गई। संगठन के सदस्यों ने कहा कि समाज की सेवा में जुटे चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भी सम्मान के वास्तविक अधिकारी हैं, जो हर परिस्थिति में लोगों की जान बचाने के लिए कार्य करते हैं। इस अवसर पर भाजपा नेता एवं संगठन के सचिव भृगु ठाकुर, सुदीप चौधरी, बल्ला ठाकुर, अरविंद भगत सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मरीजों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के सचिव एवं भाजपा नेता भृगु ठाकुर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक महान शिक्षाविद और अधिवक्ता ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महान देशभक्त थे। उन्होंने अखंड और सशक्त भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों और प्रखंडों में भी अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संगठन ने उनकी जयंती को केवल औपचारिक समारोह तक सीमित न रखते हुए सेवा कार्य के रूप में मनाने का निर्णय लिया, ताकि उनके राष्ट्रसेवा और मानव सेवा के आदर्शों को व्यवहार में उतारा जा सके। भृगु ठाकुर ने कहा कि मरीजों के बीच जाकर उनका मनोबल बढ़ाना और स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने सभी लोगों से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को अपनाने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में संगठन के सदस्यों ने सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने, समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि तथा देश की उन्नति की कामना की। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी संस्था इसी प्रकार सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी, जिससे जरूरतमंद लोगों तक सहायता और सहयोग पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *