
न्यूज डेस्क, कुल्टी : जगद जननी, शक्ति रुपेणी माता वैष्णों देवी के 18 वें वार्षिक उत्सव की तैयारी नियामतपुर वैष्णो देवी शक्ति मंदिर में बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ चल रही है। माता रानी के अनुष्ठान और आयोजन में शामिल होने और इसकी तैयारी को लेकर प्रतिदिन श्री वैष्णों देवी शक्ति मंदिर नियामतपुर में अलग अलग स्थानों नियामतपुर बाजार, शांति नगर, विष्णु विहार, लिथुरिया रोड, सीतारामपुर, कुल्टी, बराकर, राधानगर, पोइडीह, आसनसोल, रानीगंज से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। 15 जुलाई 2026 को नियामतपुर शांति नगर, नया पाड़ा में आरंभ होने वाले माता रानी के वार्षिक महोत्सव को लेकर कई महा अनुष्ठानों का आयोजन होना है। अनुष्ठान के आयोजक कमेटी की तरफ इस मुद्दे पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में स्वर्ण पदक प्राप्त, वैष्णव देवी साधक, ज्योतिषाचार्य डॉ उपेंद्र पांडे , स्थानीय नागरीव वृन्द एवं माता के भक्तगण शामिल हुए। ज्योतिषाचार्य डॉ उपेंद्र पांडे ने कहा कि 18 वें महा वार्षिक उत्सव और महानुष्ठान में 14 जुलाई 2026 बुधवार के दिन दोपहर 2.30 बजे से संगीतमय महाशिवचर्चा आयोजित की जाएगी। यज्ञ के प्रथम दिन 15 जुलाई 2026 को कलश यात्रा निकाली जायेगी। प्रतिदिन माता भगवती का संपूर्ण चंडी पाठ प्रतिदिन पूजन किया जाएगा। संध्या समय अयोध्या से पधारे श्री जय राम शरण शास्त्री जी कथा प्रवचन, आरती,यज्ञ मंडप परिक्रमा करेंगे। 19 जुलाई 2026 को हवन पूर्णाहुति, महा आरती, 101 कन्याओं का पूजन और महा भंडारा आयोजित होगा। इस यज्ञ में दूर दराज से साधू -संत आचार्य, पुरोहित अयोध्यावासी श्री जय राम शरण शास्त्री, श्री अविनाश पांडेय, श्री बसंत पांडेय, श्री दुखहरन पांडेय, श्री भुवनेश्वर पांडेय, श्री महेंद्र पांडेय, श्री अशोक पांडेय, श्री राजीव पांडेय, श्री शैलेन्द्र पांडेय आदि विद्धवानो की उपस्थिति रहेगी। डॉ उपेंद्र पांडे ने बताया यह माता रानी का यज्ञ विगत 20 वर्षो से सृस्टि शांति, विश्व कल्याण और राष्ट्र हित के उद्देश्य से होता आ रहा है। जो भी भक्त इस महा अनुष्ठान में तन, मन, धन से शामिल होते हैं। माता रानी की कृपा से उनके समस्त मनोकामना पूर्ण होते हैं। ज्ञात हो कि नियामतपुर वैष्णो देवी शक्ति मंदिर में हर वर्ष माता का महा अनुष्ठान और वार्षिक उत्स्व का आयोजन बड़े ही श्रद्धा के साथ होता है। कलश यात्रा , यज्ञ ,हवन , पूजन आदि कई दिनों तक चलने वाले अनुष्ठान से पूरे नियामतपुर, कुल्टी इलाके में रौनक बनी रहती है। प्रतिदिन माता के भक्त अनुष्ठान में शामिल होकर पुण्य के भागी बनते हैं।

स्वर्ण पदक प्राप्त, ज्योतिषाचार्य डॉ उपेंद्र पांडे