बंदूक और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, सीमावर्ती इलाके में पुलिस की बढ़ी सतर्कता

Spread the love

न्यूज डेस्क, सालानपुर : पश्चिम बर्दवान के रूपनारायणपुर फाड़ी क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पड़ोसी राज्य झारखंड का रहने वाला है। पुलिस को आशंका है कि उसका संबंध किसी बड़े और खतरनाक आपराधिक गतिविधि से हो सकता है। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम रूपनारायणपुर फाड़ी की टीम हासीपहाड़ी से सटे केबल्स क्वार्टर इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध स्थिति में घूमता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, जिससे पुलिस का संदेह और बढ़ गया। जवानों ने तुरंत पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान युवक के पास से एक अवैध देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर यादव (28) के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद जिले के चिरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित कुमारडुबी-मैथन मोड़ का निवासी बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर रविवार को उसे अदालत में पेश किया। अदालत ने आगे की पूछताछ के लिए आरोपी को चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी का इस सीमावर्ती क्षेत्र में पहले भी आना-जाना रहा है। इसके अलावा उसके खिलाफ झारखंड के चिरकुंडा थाना क्षेत्र में पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि सबसे अहम सवाल यह है कि आरोपी हथियार लेकर रूपनारायणपुर क्यों आया था और वह किससे मिलने या किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया और इसके पीछे किसी हथियार तस्करी गिरोह या अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी। पूछताछ में हथियार की सप्लाई चेन, संभावित सहयोगियों और उसके रूपनारायणपुर आने के वास्तविक उद्देश्य का खुलासा होने की उम्मीद है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी और गश्त भी बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *