पुलिस के ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान बवाल, पुलिस वाहन पर पथराव, इलाके में तनाव

Spread the love

न्यूज डेस्क, झरिया : धनबाद पुलिस के ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान रविवार शाम झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ में उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस की गश्ती टीम पर पथराव किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, नियमित अभियान के तहत गश्ती दल कतरास मोड़ स्थित एक शराब दुकान के पास पहुंचा था। वहां सड़क किनारे कुछ लोग शराब पीकर जमा थे। पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने और भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस से उलझ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर कुछ उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए पथराव कर दिया। इस दौरान दो सुतली बम फेंके जाने की भी सूचना है। धमाकों की आवाज से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की जानकारी मिलते ही झरिया थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कतरास मोड़ से सिंह नगर तक फ्लैग मार्च निकाला और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। इसके बाद हालात पर काबू पाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि उपद्रवियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *