
धनबाद : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने मंगलवार को धनबाद समाहरणालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राजस्व संग्रहण, राजस्व न्यायालयों के लंबित मामलों, एसआईआर-2026 तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आयुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भूमि म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) के लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा जाति, आय, आवासीय सहित अन्य प्रमाण-पत्रों के लिए प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निपटारा कर लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। राजस्व संग्रहण की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्धारित लक्ष्य हर हाल में प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध खनन, कर चोरी तथा राजस्व बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि राजस्व की हानि पहुंचाने वाले तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जाए और कानून के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, ताकि आम लोगों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर लंबित मामलों की संख्या कम करने का निर्देश दिया। बैठक में एसआईआर-2026 की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने इस कार्य में डिजिटाइजेशन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी अभिलेखों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए, ताकि कार्यों में पारदर्शिता आए और भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक कठिनाई न हो। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) से संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने विशेष रूप से स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी की राशि का उपयोग जनहित की योजनाओं में प्रभावी ढंग से किया जाए, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। बैठक के अंत में आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने धनबाद जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए अधिकारियों से इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनसेवा को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है, जिसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।