
न्यूज डेस्क, आसनसोल : आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के मुर्गासाल इलाके में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित मिनी बस ने ऐसा कहर बरपाया कि एक वरिष्ठ नागरिक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि स्कूल वैन में सवार पांच मासूम छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब सात बजे आसनसोल सिटी बस स्टैंड से रानीगंज की ओर जा रही एक मिनी बस मुर्गासाल स्थित पेंटालून शोरूम के समीप अचानक अनियंत्रित हो गई। सड़क किनारे खड़े 65 वर्षीय जयदेव मंडल को बस ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बुजुर्ग को कुचलने के बाद भी बस नहीं रुकी। तेज रफ्तार बस ने सामने खड़ी एक स्कूल वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वैन का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर अंदर तक धंस गया। हादसे के समय वैन में कई स्कूली बच्चे सवार थे, जिनमें से पांच बच्चे घायल हो गए। कुछ बच्चों को हल्की चोटें आईं, जबकि कुछ को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना के तुरंत बाद बस चालक, कंडक्टर और सहायक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि चालक मौके पर रुकता तो राहत कार्य में मदद मिल सकती थी। सूचना मिलते ही आसनसोल दक्षिण थाना और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जबकि मृतक जयदेव मंडल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इसके बाद क्षतिग्रस्त बस और स्कूल वैन को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। प्रत्यक्षदर्शी जितेंद्र सिंह ने बताया कि वह सुबह किसी काम से सड़क पर निकले थे। तभी आसनसोल की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मिनी बस ने सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग को कुचल दिया। इसके बाद बस सीधे सामने खड़ी स्कूल वैन से जा टकराई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बसों की बेलगाम रफ्तार और यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाए। मनोज वर्मा , सचिन बर्मन ने कहा कि कई मिनी बस चालक निर्धारित स्टॉपेज के बजाय बीच सड़क पर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने के लिए अचानक वाहन रोकते हैं और समय की भरपाई करने के लिए तेज गति से बस चलाते हैं। उनका कहना था कि समय से ट्रिप पूरी करने और जुर्माने से बचने की होड़ में यात्रियों और राहगीरों की जान जोखिम में डाली जा रही है। उन्होंने बस एसोसिएशन और प्रशासन से ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस हादसे ने एक बार फिर शहर में मिनी बसों की तेज रफ्तार, लापरवाह ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बसों की गति पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन नहीं कराया गया, तो भविष्य में भी ऐसे हादसे दोहराए जा सकते हैं।





