ट्रांसपोर्ट कारोबारी नन्हें और मिस्टर खान के घर पर आसनसोल दुर्गापुर पुलिस की छापामारी

Spread the love

न्यूज डेस्क, आसनसोल : आसनसोल के चर्चित ट्रांसपोर्ट कारोबारियों मिस्टर खान और नन्हें खान के रेलपार स्थित आजाद बस्ती आवास पर गुरुवार की सुबह आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़े पैमाने पर छापामारी अभियान चलाया। सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, केंद्रीय बल के जवान और स्थानीय पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह छापामारी ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में कथित अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर आसनसोल साउथ थाना में दर्ज एक शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच की थी, जिसके बाद अदालत से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर गुरुवार को यह तलाशी अभियान चलाया गया। छापेमारी में एडीपीसी के वरिष्ठ अधिकारीयों के साथ एसीपी सेंट्रल जोन-1 अब्दुल गफ्फार और अन्य अधिकारी थे। अभियान में 22 से अधिक पुलिस वाहनों का काफिला शामिल था। एडीपीसी की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद थे। पुलिस टीम ने सबसे पहले मिस्टर खान और नन्हें खान के घर को चारों ओर से घेर लिया, ताकि तलाशी के दौरान कोई भी व्यक्ति बाहर न निकल सके और न ही कोई संदिग्ध दस्तावेज या अन्य सामग्री हटाई जा सके। पुलिस ने घर की ओर जाने वाली सभी गलियों और सड़कों पर सुरक्षा घेरा बना दिया। केंद्रीय बल और राज्य पुलिस के जवानों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया। आसपास के लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही थी। पुलिस की इस व्यापक तैयारी को देखकर स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। तलाशी के दौरान घर में मौजूद सभी सदस्यों के मोबाइल फोन एहतियात के तौर पर अपने कब्जे में लेकर एक स्थान पर सुरक्षित रखे गए। कार्रवाई पूरी होने तक किसी भी सदस्य को फोन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी गई। साथ ही, घर के भीतर मौजूद किसी भी व्यक्ति को बाहर जाने तथा बाहरी किसी व्यक्ति को अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कदम जांच की निष्पक्षता बनाए रखने और किसी भी संभावित साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ रोकने के उद्देश्य से उठाया गया। इसी दौरान जांच टीम की एक अन्य टुकड़ी आसनसोल के कर्बला इलाके में रहने वाले कारोबारियों के करीबी बताए जा रहे मोहम्मद आरिफ के आवास पर भी पहुंची। वहां भी पुलिस ने तलाशी की प्रक्रिया शुरू की। सूत्रों के अनुसार, घर पर मौजूद एक विश्वसनीय व्यक्ति ने तलाशी अभियान से संबंधित दस्तावेज और कानूनी अनुमति की जानकारी मांगी। इस पर पुलिस अधिकारियों ने अदालत द्वारा जारी तलाशी वारंट और संबंधित आदेश की प्रति दिखाने के बाद ही जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई। छापेमारी की खबर पूरे शहर में तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में दर्जनों लोग आजाद बस्ती स्थित आवास के बाहर पहुंच गए और कार्रवाई के बारे में जानकारी लेने का प्रयास करने लगे। हालांकि, मुख्य प्रवेश द्वार पर मौजूद एसीपी सेंट्रल जोन-1 अब्दुल गफ्फार ने लोगों को समझाते हुए वहां से हटने का अनुरोध किया। सुरक्षा कारणों से किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस टीम घर के विभिन्न कमरों, कार्यालय से जुड़े दस्तावेजों, कंप्यूटर, डिजिटल उपकरणों तथा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से संबंधित रिकॉर्ड की गहन जांच करती रही। अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की पड़ताल की। सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान कुछ ऐसे दस्तावेज और प्रमाण मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित रखा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी थी और अधिकारी दस्तावेजों की जांच में जुटे हुए थे। इस संबंध में डीसी सेंट्रल ध्रुव दास ने बताया कि कारोबार से संबंधित शिकायत के आधार पर यह तलाशी अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान जांच से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कुछ अहम प्रमाण मिले हैं। अभी कुछ अन्य दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की तलाश जारी है, जिनकी जांच के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी। जांच केवल एक स्थान तक सीमित नहीं है। शिकायत से जुड़े अन्य संभावित ठिकानों की भी पहचान की गई है, जहां आवश्यकता पड़ने पर छापेमारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी साक्ष्यों का विश्लेषण और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही पुलिस मामले में किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचेगी तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं करना चाहती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *