
कुल्टी : कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के नियामतपुर स्थित श्री वैष्णो देवी शक्ति मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के आयोजन को लेकर एक विशाल बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी महानुष्ठान की तैयारियों, कार्यक्रम में शामिल होने वाले विद्वान संत-महात्माओं, यज्ञ आयोजकों तथा नगरवासियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे भागवत प्रेमियों, समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने महानुष्ठान को सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अपनी-अपनी योजनाएं, सुझाव एवं कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रचार-प्रसार, अतिथियों के स्वागत तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। पश्चिम बर्दवान जिले के चर्चित ज्योतिषाचार्य डॉ. उपेंद्र पांडे ने बताया कि विश्व कल्याण एवं जगत शांति की कामना को लेकर आगामी 27 मार्च 2027 से कुल्टी के नियामतपुर में श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ महानुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण आयोजन की सफलता के लिए नियामतपुर में जिले के सद्गुणी नागरिकों, समाजसेवियों और भागवत प्रेमियों की बैठक आयोजित कर प्रारंभिक रूपरेखा तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि बैठक में लोगों ने आयोजन से संबंधित कई महत्वपूर्ण एवं उपयोगी प्रस्ताव रखे हैं। इन प्रस्तावों पर आयोजक समिति की आगामी बैठक में विस्तार से चर्चा कर अंतिम रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क और प्रचार अभियान चलाने की भी योजना बनाई जा रही है। डॉ पांडे ने कहा कि मानव जीवन अत्यंत बहुमूल्य है और इसका सदुपयोग राष्ट्र, समाज तथा ईश्वर की सेवा में किया जाना चाहिए। हमें सामूहिक प्रयासों से एक श्रेष्ठ, संस्कारित और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। श्रीमद्भागवत कथा, धार्मिक अनुष्ठान एवं आध्यात्मिक आयोजनों से लोगों में सद्भाव, संस्कार और सेवा भावना का विकास होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नियामतपुर में होने वाला यह महानुष्ठान विश्व कल्याण, समाज में शांति और मानव जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देगा। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।