
विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने ” पूजा का आभास एग्जीबिशन-2026″ का किया भव्य उद्घाटन
न्यूज डेस्क, आसनसोल : शारदोत्सव के आगमन की आहट के साथ ही आसनसोल में दुर्गापूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रवींद्र भवन में ‘पूजा का आभास एग्जीबिशन-2026’ का भव्य उद्घाटन किया गया। प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए डिजाइनर परिधानों, बुटीक, हैंडीक्राफ्ट और हस्तशिल्प की आकर्षक रेंज देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्घाटन आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉल्स का निरीक्षण किया और महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जमकर सराहना की। इस मौके पर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि हमारे अंचल की माताओं और बहनों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। वे अपनी रचनात्मकता और मेहनत के दम पर हस्तशिल्प एवं हैंडीक्राफ्ट के सामानों को आकर्षक और अलग पहचान देती हैं। उन्होंने प्रदर्शनी में हिस्सा लेने वाली सभी महिलाओं और उद्यमियों की सफलता की कामना की। प्रदर्शनी में पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का खूबसूरत मेल देखने को मिला। विभिन्न स्टॉल्स पर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए परिधान, सजावटी सामान, हस्तशिल्प और अन्य उपयोगी वस्तुओं ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। गौरतलब है कि दुर्गापूजा के आगमन के साथ ही शिल्पनगरी आसनसोल में अलग-अलग जिलों से वस्त्र मेलों और विभिन्न प्रदर्शनियों का आयोजन शुरू हो जाता है। पूजा की खरीदारी को लेकर इन आयोजनों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी हजारों ग्राहक इन प्रदर्शनियों का रुख करते हैं। ‘पूजा का आभास एग्जीबिशन-2026’ भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय महिला उद्यमियों और हस्तशिल्प कलाकारों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने का मंच दे रहा है। प्रदर्शनी के शुरू होते ही लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।


















