आसनसोल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Spread the love

आसनसोल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
न्यूज डेस्क, आसनसोल : पश्चिम बर्दवान जिले में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। आसनसोल, दुर्गापुर समेत पूरे पश्चिम बर्दवान जिले में स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, रेलवे परिसर और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर ध्वजारोहण के साथ देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। चारों ओर तिरंगे की शान और राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आया। पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन की ओर से भी भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिला प्रशासन के अधिकारी, पुलिस के जवान, विभिन्न विभागों के कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर डीएम एस पोन्ना बलम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। समारोह के दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके योगदान को याद किया गया। अधिकारियों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प भी लिया। वहीं, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को आसनसोल रेलवे डिवीजन की ओर से भी विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डीआरएम कार्यालय परिसर में किया गया, जहां डीआरएम संग्रह मौर्य ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे सम्मान के साथ तिरंगे को सलामी दी। अपने संबोधन में डीआरएम संग्रह मौर्य ने कहा कि भारतीय रेलवे ने हमेशा देश के विकास में महत्वपूर्ण और प्रभावी भूमिका निभाई है। आजादी से पहले भी रेलवे ने देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था और आजादी के बाद रेलवे ने परिवहन, व्यापार, उद्योग और आर्थिक विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ रेलवे की जिम्मेदारियां भी लगातार बढ़ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *