
मुख्यमंत्री मेडल से सम्मानित होंगे एडीपीसी के पुलिस कमिश्नर डॉ प्रणव कुमार
न्यूज डेस्क, आसनसोल : कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार को मुख्यमंत्री पदक से सम्मानित किया जाएगा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोलकाता के रेस रोड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी के हाथों उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। डॉ. प्रणव कुमार को यह पदक पुलिस सेवा में उनके उत्कृष्ट और समर्पित योगदान के लिए दिया जा रहा है। इसे पूरे पुलिस कमिश्नरेट के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से हर वर्ष पुलिस अधिकारियों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्य और सराहनीय सेवा के लिए मुख्यमंत्री पदक प्रदान किया जाता है। इस वर्ष कुल 14 आईपीएस अधिकारियों को सम्मानित करने के लिए चुना गया है। इनमें छह अधिकारियों को उत्कृष्ट सेवा और आठ अधिकारियों को सराहनीय सेवा के लिए मुख्यमंत्री पदक दिया जाएगा। उत्कृष्ट सेवा के लिए चयनित छह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों में अजय कुमार, नीरज कुमार सिंह, दमयंती सेन, के. जयरामन, डॉ. प्रणव कुमार और कुणाल अग्रवाल के नाम शामिल हैं। वहीं सराहनीय सेवा के लिए आठ आईपीएस अधिकारियों का चयन किया गया है। इन अधिकारियों में प्रेसीडेंसी डिविजन के आईजी कंकर प्रसाद बारुई, चंदननगर के पुलिस कमिश्नर सुनील कुमार यादव, विधाननगर के पुलिस कमिश्नर राठौड़ अमित कुमार भारत, कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक) सूर्य प्रताप यादव, पूर्व मेदिनीपुर के एसपी अंशुमान साहा, पूर्व बर्धमान की एसपी पुष्पा, मुर्शिदाबाद के एसपी सचिन मक्कर और बारुईपुर के एसपी डॉ. अरविंद कुमार आनंद शामिल हैं। डॉ. प्रणव कुमार को उत्कृष्ट सेवा के लिए मुख्यमंत्री पदक मिलने से एडीपीसी के पुलिस महकमे में उत्साह और गर्व का माहौल है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों के ठीक पहले डॉ प्रणव कुमार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट का पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। उसके बाद से कमिश्नरेट क्षेत्र में लगातार अपराध नियंत्रण और अपराध में गिरावट दर्ज की गई थी। पुलिस की तरफ से शहर और ग्रामीण इलाकों में मजबूत पुलिस सुरक्षा तंत्र की नीति अपनाने के साथ नागरिकों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाई गई थी।
















