आसनसोल में लापता 6 वर्षीय रित्तिक का शव झाड़ियों से बरामद, इलाके में सनसनी

Spread the love

आसनसोल में लापता 6 वर्षीय रित्तिक का शव झाड़ियों से बरामद, इलाके में सनसनी

24 घंटे से लापता था मासूम, पिता ने निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग

न्यूज डेस्क, आसनसोल : पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के छिन्नमस्ता तुरीपाड़ा इलाके में रविवार सुबह एक छह वर्षीय मासूम बच्चे का शव झाड़ियों से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान रित्तिक (ऋत्विक) रुज (6) के रूप में हुई है। शनिवार से लापता मासूम का शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों के अनुसार, रित्तिक शनिवार से घर से लापता था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, पड़ोसियों और परिचितों के यहां खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने भी बच्चे की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन रविवार सुबह घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों के बीच उसका शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के पिता छोटू रुज ने रोते हुए बताया, “मेरा बेटा शनिवार से गायब था। हमने हर जगह उसे खोजा, रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में भी तलाश की। पुलिस को सूचना देने के बाद पुलिस भी खोजबीन कर रही थी, लेकिन रविवार सुबह पता चला कि मेरे बेटे का शव झाड़ियों में पड़ा है। समझ में नहीं आ रहा कि मेरे मासूम के साथ आखिर क्या हुआ।” उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल साउथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। घटना की खबर फैलते ही पूरे छिन्नमस्ता तुरीपाड़ा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक मासूम बच्चे की इस तरह मौत होना बेहद दुखद और चिंताजनक है। लोगों ने मांग की कि मामले की गहन जांच कर यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसे तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रित्तिक की असामयिक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है और इलाके में मातम का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *