
बर्नपुर : बर्नपुर में ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान की शुरुआत, जल निकासी व्यवस्था सुधारने की बड़ी पहलनिज प्रतिनिधि, बर्नपुर :हर मानसून में जल जमाव की समस्या से जूझने वाले शिल्पांचल के लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और नगर निगम ने व्यापक अभियान शुरू किया है। शनिवार को नगर उन्नयन एवं पौर मंत्री सह आसनसोल की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने बर्नपुर के रहमतनगर में ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान का शुभारंभ किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्षों से बदहाल पड़ी जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना, बड़े नालों की सफाई कराना और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।कार्यक्रम में जिलाशासक पन्नामबलम एस, अतिरिक्त जिलाशासक (जनरल) सुमन सौरव मोहंती, नगर निगम के अधिकारी तथा प्रशासन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। अभियान के शुभारंभ के साथ ही जेसीबी मशीनों की मदद से बड़े नालों की सफाई का कार्य भी शुरू कर दिया गया।शिल्पांचल के कई इलाकों में हर वर्ष मानसून के दौरान थोड़ी सी बारिश भी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन जाती है। आसनसोल के रेलपार स्थित रामकिशुन डंगाल, केटी रोड, बालू मैदान, भिश्ती नगर, नूर नगर तथा बर्नपुर के रहमतनगर, शांतिनगर और सुभाषपल्ली जैसे इलाकों में जलभराव की समस्या आम बात रही है। नालियों में वर्षों से जमा गाद, कचरा और अतिक्रमण के कारण बारिश का पानी निकासी का रास्ता नहीं पाता और घरों तथा दुकानों में घुस जाता है। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी कई समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है।अभियान के तहत मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने रहमतनगर क्षेत्र में हाई ड्रेन और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़े नालों में जमा गंदगी और नालियों पर हुए अवैध अतिक्रमण को देखकर उन्होंने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने से पहले सभी बड़े और छोटे नालों की युद्धस्तर पर सफाई पूरी की जाए, ताकि बारिश के समय जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा न आए।मंत्री ने कहा कि ‘स्वच्छता से स्वागत’ केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि पूरे ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने की एक व्यापक योजना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने नालों और नालियों पर अवैध निर्माण कर रखा है, उन्हें पहले नोटिस जारी किया जाएगा। निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन कानूनी कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि जल जमाव की समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब सफाई के साथ-साथ जल निकासी मार्गों को अतिक्रमण मुक्त भी किया जाए।अग्निमित्रा पॉल ने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारों की लापरवाही के कारण वर्षों तक बर्नपुर और आसपास के इलाके जलभराव की समस्या से जूझते रहे। अब राज्य सरकार इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि अभियान के सफल क्रियान्वयन से न केवल सफाई व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि इस मानसून में लोगों को जल जमाव की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलेगी।