
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर शिल्पांचल में विविध कार्यक्रम
न्यूज डेस्क, आसनसोल : महान शिक्षाविद, प्रख्यात अधिवक्ता और जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती सोमवार को शिल्पांचल में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सरकारी संस्थानों, शिक्षण संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न राजनीतिक संगठनों द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जगह-जगह उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया। रवींद्र भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिलाशासक पन्नामबलम एस., अतिरिक्त जिलाशासक कौशिक सिन्हा, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, विधायक पार्थ घोष सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र की एकता, शिक्षा और विकास के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। जिलाशासक पन्नामबलम एस. ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर जिले, महकमा तथा ब्लॉक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, ताकि नई पीढ़ी उनके आदर्शों और विचारों से परिचित हो सके। आसनसोल के बीबी कॉलेज में भी जयंती के अवसर पर संगोष्ठी एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमिताव बासु ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की प्रगति और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। उधर, भारतीय जनता युवा मोर्चा, आसनसोल मंडल-3 की ओर से एक विशाल पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया और उनके योगदान को स्मरण किया।